निगोहां। यातायात नियमों के नाम पर चालान किए जाने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। निगोहां थाना क्षेत्र के मीरखनगर स्थित भैरमपुर निवासी रमेश चन्द्र द्विवेदी की मोटरसाइकिल का सीट बेल्ट नहीं लगाने के आरोप में चालान दर्शाए जाने से मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित ने इसे विभागीय लापरवाही बताते हुए जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
रमेश चन्द्र द्विवेदी के अनुसार, उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP32 KP 6912 का तीन मार्च 2024 को जनपद सुल्तानपुर में सीट बेल्ट न लगाने के आरोप में चालान काटा गया है। उनका कहना है कि संबंधित तारीख के आसपास वह सुल्तानपुर गए ही नहीं थे। ऐसे में उनकी बाइक का वहां चालान दर्ज होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पीड़ित ने चालान की वजह पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मोटरसाइकिल में सीट बेल्ट लगाने की कोई व्यवस्था ही नहीं होती। इसके बावजूद सीट बेल्ट न लगाने का जुर्माना दर्ज होना हैरान करने वाला है। उन्होंने आशंका जताई कि चालान जारी करने में तकनीकी या रिकॉर्ड संबंधी गलती हुई हो सकती है।
इस मामले को लेकर उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद उन्हें आवेदन संख्या 92615700117135 आवंटित की गई। पोर्टल से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले को निस्तारण के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के पास भेजा गया है।
अब शिकायतकर्ता को परिवहन विभाग की जांच और कार्रवाई का इंतजार है। देखना होगा कि जांच में चालान की गलती सामने आती है या इसके पीछे कोई अन्य वजह निकलकर आती है।
