UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से होली और महाशिवरात्रि के दौरान अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। सीएम ने महाशिवरात्रि, होली, चैत्र नवरात्र, रामनवमी, रमजान और नवरोज़ जैसे प्रमुख त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 13 मार्च को होलिकोत्सव के दिन शुक्रवार की नमाज भी होगी, जिससे माहौल बिगाड़ने की साजिश हो सकती है। इसलिए, पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश:-
- अराजकता फैलाने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
- महाशिवरात्रि पर महाकुंभ और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
- संगम स्नान के लिए बेहतर व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं को अधिक पैदल न चलना पड़े।
- काशी में 15-25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और सुविधा का पुख्ता इंतजाम किया जाए।
- शिव मंदिरों की सफाई, रोशनी, पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन के लिए ठोस कार्ययोजना लागू की जाए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:-
- अवैध घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की पहचान कर कार्रवाई की जाए।
- सड़क जाम से बचने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स और अवैध टैक्सी स्टैंड को हटाया जाए।
- धर्मस्थलों पर अवैध लाउडस्पीकर चलाने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
- महाकुंभ में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को समय पर भुगतान किया जाए।
- सुरक्षा के लिए चकर्ड प्लेट और पांटून पुलों का फिर से परीक्षण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और त्योहारों के दौरान प्रदेश में शांति और सौहार्द बना रहना चाहिए।
