मोहनलालगंज। नगराम क्षेत्र के बहरौली स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में शुक्रवार को सेवानिवृत्त शिक्षक एवं विद्यालय के शुरुआती शिक्षकों में शामिल रहे स्व. बाबूलाल वर्मा के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। ददुरी निवासी बाबूलाल वर्मा के निधन की खबर से विद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
विद्यालय परिवार के मुताबिक कुछ समय पहले स्व. बाबूलाल वर्मा को ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान 10 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। सूचना मिलने के बाद विद्यालय में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि दी गई।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने उनके व्यक्तित्व और कार्यों को याद करते हुए कहा कि स्व. बाबूलाल वर्मा सरल, शांत और मृदुभाषी स्वभाव के कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे। विद्यार्थियों के प्रति उनका व्यवहार हमेशा आत्मीय रहा। उन्होंने विद्यालय में आवश्यकता के अनुसार विज्ञान, कृषि और गणित जैसे विषयों का अध्यापन किया। इसके अलावा कुछ समय तक उन्होंने प्रधानाचार्य का दायित्व भी संभाला और विद्यालय के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
34 वर्षों तक विद्यालय को दी अपनी सेवाएं
विद्यालय परिवार के अनुसार जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज बहरौली की स्थापना वर्ष 1954 में जूनियर हाईस्कूल के रूप में हुई थी, जबकि वर्ष 1969 में इसे हाईस्कूल का दर्जा मिला। स्व. बाबूलाल वर्मा संस्थान के शुरुआती शिक्षकों में शामिल थे। उन्होंने करीब 34 वर्षों तक विद्यालय में पूरी निष्ठा के साथ शिक्षण कार्य किया और वर्ष 2003 में सेवानिवृत्त हुए।
शिक्षकों और कर्मचारियों ने कहा कि स्व. वर्मा का अनुशासन, सहज व्यवहार और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण विद्यालय परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने कई पीढ़ियों के विद्यार्थियों को शिक्षा देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान दिया।
शोक सभा के अंत में विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। साथ ही ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
