नगराम, लखनऊ। मिशन शक्ति फेज-5.0 और साइबर जागरूकता अभियान के तहत नगराम पुलिस ने रविवार को ग्राम पंचायत सलेमपुर अचाका स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112, 181 और 1076 समेत विभिन्न सहायता नंबरों की जानकारी दी। जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन के माध्यम से तत्काल मदद लेने के लिए भी जागरूक किया गया। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा केंद्र और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को सतर्क किया गया। पुलिस कर्मियों ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।

पुलिस ने लोगों को यूपी कॉप एप के उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध के प्रति सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। साथ ही ग्रामीणों से किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।

जागरूकता कार्यक्रम में उप निरीक्षक चंद्रशेखर, बीट प्रभारी उप निरीक्षक अल्पा कटियार, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी महिला आरक्षी स्वाति सिंह, महिला आरक्षी मनीषा कुमारी और महिला आरक्षी सुमन पटेल मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करते हुए जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *